कहानी
तमाशा
हरभजन सिंह मेहरोत्रा
वो कुत्ता बहुत ही प्यारा था| ऐसी राय सबकी थी| जर्मन शेफर्ड| अास्कर....! इसी को तो जैसे अॉस्कर अवार्ड दिया गया था|
" ऐ आस्कर.....किधर जा रहा है|" मेरी आवाज़ से उसने मुझे पीछे मुड़ कर देखा था और थका हुआ सा हांपते हुये मेरे नज़दीक आ गया था| दो-तीन बार मैने उससे दूर गेंद फेंक कर उठा लाने के लिये प्रेरित किया था| वह बराबर गेंद को पकड़ने के लिये उस पर झपटता और दौड़ता| पा जाता तो गेंद को मुंह में दबाये, विजय दर्प सा चेहरा लिये मेरे पास आ खड़ा होता| श्वेत दंत पंक्तियां उसकी बे हिसाब खुशी को जाहिर कर रही होतीं| ऐसे समय में वह पूंछ हिलाना भी अनिवार्य समझता| मैं उसके सिर पर हाथ फेरता, पुचकारता| लेकिन उसकी भाव-भंगिमाओं में कोई परिवर्तन नहीं आता| वह बदस्तूर पूंछ हिला रहा होता और गेंद जमीन में गिरा कर लम्बी जीभ निकाले किसी धौंकनी की तरह आवाजे निकाल रहा होता| मानो कह रहा हो,
' अब बहुत थक गया हूं| आगे कोई खेल नहीं करुंगा|' उसे आराम कर लेने के ख्याल से मैं पार्क के किनारे बनी क्यारियों में तरह-तरह के फूलों से लदे पौधों के पास चला जाता या खुद भी घास के बिछौने पर पालथी मार घास का कोई बड़ा सा तिनका तोड़ मुंह में डाल चबाने लगता| इस दौरान आस्कर भी घास के मैदान में लेट जाता|
हम दोनों को शान्त हुआ देख अपने घरों की बालकनियों में खड़े, तमाशा देख रहे बच्चे जोर-जोर से चिल्लाने लगते," अंकल हमें आस्कर का खेल देखना है|" मै़ उन्हें हवा में हाथ उठा कर शान्त करता और मन ही मन अपने आपको यह कहते हुये आस्कर के पास आ जाता,
' हमें तो मदारी बना दिया लोगों ने|'
आज भी कुछ ऐसा ही हुआ| बच्चे जोरों से चिल्लाये| उम्र में कुछ बड़े बच्चों ने सीटियां भी मारी| उनको ऐसा करते देख मुझे बुरा लगा| हालांकि बच्चों की मनोवृत्तियों के पीछे कोई दुर्भावना नहीं छिपी थी| पर मुझे अच्छा नहीं लगा| मैंने फूलों के ऊपर हाथ फेरे जैसे आस्कर को स्नेह देता हूँ| उनके मुलायम स्पर्श से मैं पुलकित हो उठा| बच्चे भी थोड़ा सा शोर करके शान्त होगये थे| मैने आस्कर को देखा वह चारों टांगे चित् पड़ा था| वह मुझे और दिनों की अपेक्षा आज कुछ ज्यादा ही थका लग रहा था| छैः साल का होने को आया था| पर आज तक बसन्ती बयार की खुमारी से मरहूम था, ' बेचारा आस्कर क्या यूं ही दुनिया से रुखसत कर जायेगा, शायद ऊपर वाले ने उसके नाम कोई जोड़ीदार नही बनाया| मैने जितनी बार टिम्सी से बात की उसने बराबर प्रतिरोध किया| उसका कहना था हम लोगों के बीच रह कर वह कुत्तों के तौर तरीके बिलकुल नहीं जानता| अपने आप को कटवा कर आ जायेगा| फिर हम डाक्टरों के चक्कर काटेंगे| मैं बेटी की दलील सुन कर खामोश हो जाता|
सोचते हुये मैं उसके पास चला आया| मेरे आने की आहट मात्र से वह फुर्ती दिखाता खड़ा होगया| बच्चों में सरगोशियां हुईं| मैंने नीचे पड़े रिंग को उठा लिया| बच्चों ने तालियां बजा कर हम लोगों की वापसी का स्वागत किया|
मैंने रिंग को जमीन से तीन-साढ़े तीन फुट की ऊंचाई पर एक हाथ से हवा में स्थिर कर दिया और आस्कर को तीन-चार मर्तबा आवाज दी| वह भी मेरी आवाज को सम्मान देने के अंदाज में उछाल लगाते हुये रिंग के दूसरी ओर कूद गया| बच्चों ने शोर मचाते हुये उसे पुकारा| आस्कर उनको देखते खड़ा होगया| मैने हाथ हिला कर बच्चों को शान्त करने की कोशिश की| अब तक बड़े भी बारजे में आकर खड़े होगये थे और मुझे बच्चों को चुप कराते देख खुद भी उनको शान्त रहने के लिये कह रहे थे| वास्तव में आस्कर का रिंग के भीतर से निकलने का खेला पूरी कालोनी में चर्चा का विषय बन गया था|
मैं स्वयं उसके इस खेल से बड़ा इतराता था|
दरअसल रिंग के भीतर से होकर कूदने का प्रशिक्षण किसी पेशेवर प्रशिक्षक ने नहीं दिया था| एक मदारी का सिखाया हुआ खेल था| जब आस्कर बच्चा ही था| तब वह मदारी प्राय: बन्दर का खेल दिखाने मोहल्ले में आया करता था| वह रिंग से बन्दर को कुदाया-फंदाया करता था| उसका यह कारनामा जहाँ बच्चों के लिये आकर्षण का केन्द्र था वहीं मुझे भी बहुत पसन्द था| एक रोज मैने मदारी से अपने कुत्ते को यह खेल सिखाने के लिये कहा| उसने साफ मना कर दिया| हालाँकि उसके मना करने का कोई ठोस कारण नहीं था| मैंने उसे अच्छे पैसे देने का लालच दिया तो वह मान गया था| अब यह बात और है कि किसी अभ्यस्त प्रशिक्षक से आस्कर को सिखाता तो शायद मेरी अच्छी खासी रकम निकल जाती| बहरहाल कड़ी मेहनत से कई दिनों बाद बल्कि चार-पांच महीनों बाद आस्कर सफलता पूर्वक रिंग के आर-पार छलांगे लगाने लगा था| मैं उसको और भी बहुत कुछ सिखलाना चाहता था| जैसे पॉट पर चढ़ कर अपने आपको हल्का करना| जब देखो अपनी मन-मर्जी से जगह गन्दी कर देता है| उसकी इस आदत से हम सब बहुत परेशान रहते हैं| यह सब किया कराया टिम्सी का है| अगर मेरे हाथों में उसकी पालना होती तो उसके इस दुस्साहस पर मैं जरुर लगाम कस देता| सोफे और पलंग पर चढ़ना तो उसके लिये आम बात है|
मैं यह भी चाहता था कि वह कुछ खास किस्म का सामान मुँह से उठा कर अपने गंतव्य तक पहुंचाना भी सीख जाये| पर यह सब मदारी के वश में नहीं था| अब यह बात और है कि आस्कर अन्य ब्रीड के कुत्तों के मुकाबले बहुत तेज बुद्धि का था| उसने हम लोगों के कई शब्द पकड़ लिये थे| जैसे उठ जा, बैठ जा, बाहर निकल जा, अन्दर आ जा| भौंकने पर डाटते तो चुप कर जाता था| दरवाजो की कुण्डियां खोलना वह अपने आप सीख गया था|
एक बार हम सब कहीं बाहर गये थे| दरवाजे को बाहर से ताला लगा दिया था| आस्कर सीढ़ियों की रेलिंग से बंधा हुआ था| हम सब तो देर से लौटे थे| टिम्सी पहले घर आ गई थी| उसने ताले में चाभी लगायी तो वह टस से मस न हुई| वह घबरा गई| उसने फिर कोशिश की पर सफलता नहीं मिली| अन्दर से आस्कर भौंक रहा था और उछल रहा था| बाहर टिम्सी परेशान थी| लेकिन वह बराबर कोशिश करती रही| अन्ततः वह ताला खोलने में सफल होगई| दरवाजे को उसने धक्का दिया तो वह खुला नहीं| उसे समझते देर नहीं लगी कि आस्कर का पंजा अन्दर की कुण्डी पर लग गया है| जिससे कुण्डी बन्द हो गई है| वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी, " आस्कर कुण्डी खोलो|" आस्कर भी परेशान और बेचैन होकर कूकने लगा| टिम्सी ने सोच लिया अब दरवाजा तुड़वाना ही पड़ेगा| लेकिन आस्कर ने हार नहीं मानी| वह बदस्तूर उछलते हुये कुण्डी पर पंजे मारता रहा जिससे कुण्डी खुल गई| सर्दियों के दिन थे| पर टिम्सी के चेहरे पर पसीना आगया था|
आस्कर का टिम्सी से गज़ब का लगाव था| उसने भी आस्कर की परवरिश पुत्रवत् की थी| लेकिन अब खुद एक पुत्र की माँ बन गई है| लिहाज़ा अपने बेटे को लेकर वह आस्कर के प्रति सतर्क और सजग रहने लगी है| जिस कमरे में दिवा को रखा गया है| वहाँ पर आस्कर का प्रवेश निषेध कर दिया गया है| बाल भी तो बहुत झड़ते हैं उसके शरीर से| सोफों में, बिस्तरों में जहाँ देखो उसके बदन से गिर कर चिपके पड़े दिखते रहते हैं| उसे देख पत्नी भी हरदम झींकती रहती है| क्या करे घर में छोटा बच्चा है उसके अन्दर बाल चले गये और उसे किसी तरह का संक्रमण हो गया तो लेने के देने पड़ जायेंगे|
टिम्सी की सास भी बड़ी तेज है| जरा सी बात को लेकर घण्टों बकझक करती रहेगी| अपने आगे किसी की सुनती भी नहीं| घर का कोई सदस्य चाहे उसका अपना लड़का भी क्यों न हो| किसी को नहीं बख्शती| पत्नी भी उसके बोलने से बहुत घबराती है| अकेले, वह टिम्सी के ससुराल नहीं जाती| कोई न कोई उसके साथ जरुर होता है| सिवाये मुझे छोड़ कर|
मेरा न जा पाना भी एक मजबूरी है| कार या बस का सफर मुझे रास नहीं आता| यही वजह है कि मैं टिम्सी के घर एक बार भी नहीं जा सका हूँ| अपनी पल्टियों से लाचार और बेजार हूँ|
घर के वारिस पर तो समधिन की जान बसती है| आवृत्ति ने न जाने कितनी मिन्नतें की थीं तब कहीं जाकर बच्चे और टिम्सी को मायके भेजा था| साथ में क्या करना है, क्या नहीं करना है की लम्बी फेहरिस्त थमा दी थी टिम्सी को जिसमें यह भी शामिल था कि दिवा को किसी डॉक्टर के पास नहीं जाना है, जब तक जरुरी न हो और वो भी पहले उससे बात कर ले| जैसे हम लोगों ने कभी बच्चे न पाले हों| आवृत्ति का मन अन्दर से क्लेशा गया था| कहाँ दे दी अपनी बेटी| अक्सर मुझे सुनाया करती| क्योंकि मैं ही इस घर को और रिश्तों की अपेक्षा तवज्जो दे रहा था| वैसे बेटी को लड़का भी पसन्द था| वरना उसने ही एतराज कर देना था|
मैंने भी तुनक कर एक बार पत्नी को सुना दिया था, " टिम्सी की सास के आगे तो दुम दबाये कुत्ते की तरह ज़बान तालू से चिपक जाती है| अरे...जहाँ संजोग था हो गया| अब लकीर पीटने से साँप कहीं मर जायेगा|" शायद मैंने भी आवृत्ति की कमजोर नस पर हाथ रख दिया था| वह चुप ही नहीं हुई थी, बल्कि मेरे पास से भी खिसक गई थी|
हालांकि इस समय पत्नी आस्कर के झड़ रहे बालों को लेकर बड़ी चिन्तित थी| टिम्सी की सास का डर तो अपनी जगह था| अगर सचमुच में दिवा को कुछ हो गया तब.....! अभी कल दोपहर के खाने के समय सब्जी में आस्कर का बाल निकला था| उसके बाद मैं खाना नहीं खा पाया था|
वैसे तो सारा समय बंधा रहता है| सुबह, दोपहर और रात को खाना देने के बाद उसे बाहर खोला जाता है| इस दौरान वह अन्दर आकर खैर-खबर लेता रहता है| बिखरे पड़े सामानों को अपनी लम्बी थूथन से सूंघने की आदत के चलते वह दिवा के पास भी चला जाता है| बल्कि उसे सूंघने के लिये जैसे ही अपनी थूथनी आगे बढ़ता है| तो बच्चे के नज़दीक बैठी टिम्सी या पत्नी आस्कर को दुत्कार कर भगा देती है| फिर भी पंखे की चलती हवा में उसके बदन से कोई न कोई बाल उड़ कर दिवा तक पहुँच सकता है| जिसका भय तो सभी के अंदर बना रहता है|
मैंने मुख्य कक्ष की खिड़की की सलाख के साथ आस्कर को बांध दिया| घर का माहौल हमेशा की तरह सामान्य ही था| दूसरे कमरे में लेटा दिवा रिरिया रहा था| टिम्सी उसे दूध पिलाने की तैयारियों में व्यस्त थी| पत्नी रसोई में नाश्ता तैयार कर रही थी| मुझे अपने काम के सिलसिले में घर से जल्दी निकलना था| मैं वहाँ से हट गया|
नहाना-धोना तो मैं सुबह-सवेरे कर लेता हूँ| आवृति भी जल्दी उठ जाती है| पूजा जो करनी होती है, उसे|
मैं तैयार होने, अपने कमरे में आगया| लिहाजा पत्नी आस्कर को खाना देने लगी| उससे फारिग हुई तो मैं खाने की मेज पर आ कर बैठ गया|
" गर्मागर्म आलू की सब्जी और पूरीयां... भई वाह| आज कोई खास बात....!" मैंने भी शोखी से कहा, " बर्थ डे तो तुम्हारा पिछले महीने निकल चुका है| क्या शॉपिंग का
प्रोग्राम है...शाम को!" आस्कर को खोल कर मेरे पास से निकलते हुये वह केवल मुस्कुराई फिर कहा, " तुम्हारी लाडो की फर्माईश थी| हम्म तो बस्स हुकुम के गुलाम हैं|"
" हुकुम के गुलाम या क्वीन|" आवृति के सुर से सुर मिलाते मैने कहा|
" रानी नहीं नौकरानी वो भी मुफ्त की|" पत्नी भी चुहल करती बोली| मतलब यह कि थोड़े से समय के लिये ही सही पर घर का माहौल खुशनुमा हो गया| मैं नाश्ता करने में मशगूल होगया| आस्कर दो-एक बार अन्दर आया पर टिम्सी ने अखबार का बना रोलर दिखा कर भगा दिया|
नाश्ता करके मैं साथ ले जाने वाले कागज-पत्तर समेटने कमरे के अन्दर चला गया| इस बीच टिम्सी भी माँ के पास रसोई में जाकर कुछ बातें करने लगी| मैंने घड़ी में देखा| नियत समय से वक्त कुछ ऊपर ही निकल गया था| एक पेपर नहीं मिल रहा था| मैने अलमारी खोल के देखा उसमें भी नहीं था| मेरे ऊपर घडी़ की सूईयों की टिक-टिक की आवाज और कागज न मिल पाने की वज़ह से खीझ सी हावी होने लगी थी कि तभी आवृति की चीख कम हाये राम की कर्कश ध्वनि कानों के रास्ते सीधे सीने में जा कर धंस गई| सब कुछ छोड़-छाड़ कर मैं बाहर के बड़े कमरे की तरफ भागा| सामने नजर पड़ी अपाद मस्तक काँप गया मैं|
आस्कर बिस्तर पर चढ़ा दिवा को सूंघ रहा था और चाट रहा था| लेकिन पत्नी के चिल्लाने से दुम दबाये नीचे उतर कर बाहर चला गया| एक तो गर्मी, उस पर कागज का न मिलना तिस पर आस्कर का बच्चे को चाटना| मेरा क्रोध साबुन से उठी झाग मानिन्द फनफना उठा लेकिन आवृति और टिम्सी की बिफरी भाव-भंगिमा देख मैं गुस्सा प्रदर्शित न करते हुये तमाशबीन बना खड़ा रह गया| टिम्सी कह रही थी, " निकाल बाहर करो इसे...नहीं रखना हमें कुत्ता-वुत्ता| " और दरवाजा बन्द कर दिया|
आवृति ने भी एक सांस में कह दिया, " अब अन्दर न घुसने देना| गली के तमाम कुत्तों की तरह आवारागर्दी करता उन्हीं के साथ सो जाया करेगा|"
" भाड़ में जाये| मरने दो|" यह टिम्सी के शब्द थे|
वही टिम्सी जो सर्दियों में उसे अपनी रजाई में पनाह देने में कोई गुरेज नही करती थी| सुबह बाहर निकालते समय आस्कर के सिर पर मफलर बांधा करती थी| जैकेट के ऊपर स्वैटर भी पहनाती थी| जरा सा बीमार पड़ जाये अपने कोखजाये की तरह विहृल हो जाया करती और अकेली स्कूटी उठाये दौड़ जाती डाक्टर के पास| आज उसके दिल में आस्कर के लिये एक झटके में सारी मोह ममता खत्म होगई थी|
बड़ा नाजुक मिजा़ज़ कुत्ता था या टिम्सी ने उसकी परवरिश ऐसी की थी कि सर्दी-गर्मी उसके लिये अझेल हो जाती तभी तो मार्च के महीने ही उसके लिये कूलर लग जाता था| अब आस्कर का बाहर रहना टिम्सी से सहन हो जायेगा|
मैं ज्यादा देर तक आस्कर के लिये भावुक नहीं रह सका| दिवा को चाटने की उसकी हिमाकत माफ करने योग्य नहीं थी|
आस्कर को मालुम भी नहीं कि उसे दोबारा अन्दर आने के लिये नहीं निकाला गया| उसे तो यह भी पता नहीं चल पायेगा कि किस जुर्म में उसे सजा दी गई है| लेकिन जायेगा कहाँ उसका ठौर तो यही घर है| बाहर के कुत्ते उसे छोड़ेंगे नहीं| वह तो कुत्तों से लड़ भी नही पायेगा|
मुझे काम पर निकलना था और कागज न मिल सकने का तनाव अलग था| उसके बगैर ही मैं बाहर आगया| नजरें आस्कर को खोजने के लिये चारों ओर दौड़ाईं| गली में नहीं था|मन में ख्याल आया कहीं सड़क की ओर न निकल गया हो| चिन्ता हुई कभी सड़कों में घूमने का अभ्यास तो उसे, है नहीं| किसी गाडी़ के नीचे आगया...| अच्छा है, पिण्ड तो छूटेगा उससे| मैंने बाईक का इग्नीशियन बटन दबाया और आस्कर के ख्याल को सयत्न बाहर निकालता आगे बढ़ गया| लेकिन यह इतना आसान नहीं था| मोहल्ले तक पहंचा तो आंखों ने चुगली कर दी| आस्कर दो कुत्तो के बीच खड़ा था| इत्मीनान हो आया| लेकिन तभी ख्याल आगया| बाहरी कुत्तों ने नोच-खसोट दिया तब....! क्या होगा| सिर झटका और बाईक को एक्सीलेटर देकर गति बढ़ा दी| आस्कर कहीं पीछे छूट गया|
जब लौटा तो धूप और तेज हो गई थी| उस समय तक आस्कर जे़हन के किवांड़ बन्द किये कहीं छिपा बैठा था| जैसे ही दरवाजा खोल कर अन्दर आया| टिम्सी आस्कर को गुसलखाने में नहलाती मिली| जैसे शीशा टूट कर धड़ाम से नीचे गिरता है वैसे ही अन्तर से कांच के टुकड़े के उछलने की तरह ध्यान आया, ' आस्कर को टिम्सी ने बाहर निकाल दिया था|
" आखिर ले आये तुम लोग वापिस|"
" पहले तो दरवाजा खटखटाता रहा|" टिम्सी ने कहा, " हार कर कहीं बैठ गया होगा| सोचा, देखा जाये कहाँ है| कूलर और पंखे में रहने वाला कुत्ता, गर्मी न बर्दाश्त कर पाया तो गंदी नाली में जा कर बैठ गया था| बचपन से पाला है| मोह थोड़े ही छूटता है|" बदन में शैम्पू की शीशी उड़ेलते हुये उसने कहा| मैंने गौर किया टिम्सी की आंखों में आँसू की बूंदें झिलमिला रहीं थी|
हरभजन सिंह मेहरोत्रा,
390/3 शास्त्री नगर, कानपुर 208005
मो० 9839101647
Comments
Post a Comment