कहानी सरप्राइज

                   

                              सरप्राईज़

                      हरभजन सिंह मेहरोत्रा

        बच्चों के घर से जाते ही उसके मन में ख्याल आया, क्यों न आज का यह समय,  हम लोग भी अपने ढंग से इंज्वाय करें, " ऐय मैंने कुछ सोचा है।" उसने गुमसुम सी हो आई पत्नी को अपनी तरफ आकर्षित किया। सुरभि चिहुंक उठी। पति की तरफ देखा।
       "मेरे दिमाग में एक आईडिया है हम आज कुछ स्पेशल करते हैं। " अपने आप  में ही खोयी हुई,  पति के पुकारे जाने के बावजूद सुरभि अभी तक सामान्य नहीं हो पायी थी। बात ही कुछ ऐसी थी। बहु का आज जन्मदिन था जिसे विकेश घर में न मना कर किसी बड़े से होटल में बच्चों के साथ जाकर मनाने वाला था। चाहता तो उन दोनों को भी ले जा सकता था। लेकिन इससे ब्रूनो अकेला पड़ जाता। जिसे वे किसी भी हालत में अकेला छोड़ने के हक़ में नहीं थे। बहु ने तो दबी जबान में दलील भी दी थी कि पिछली दफे उसे अकेला छोड़ देने से उसे माइनर हार्ट अटैक पड़ गया था। उन्हें अगर आने में और देर हो जाती तो शायद वह बचता भी न। बात सही थी ब्रूनो अगली सुबह तक निढाल  पड़ा रहा था। विकेश को
आफिस से छुट्टी लेकर ब्रूनो को जानवरों के डाक्टर के पास लेकर जाना पड़ा था। उसी ने सारी तफ्तीश कर लेने के बाद विकेश से कहा था, " इन पैट डाग को अकेला नहीं छोड़ना चाहिए फिर आपके डागी का आप लोगों के साथ काफी गहरा अटैचमेण्ट है। आप सब के चले जाने से वह बिलकुल अकेला हो गया और उसे अकेलेपन के फोबियों से हार्ट अटैक पड़ गया। वैसे यह माईनर था सो बच गया।" कुत्तों को भी दिल का दौरा पड़ता है। डाक्टर की बात सुन कर हैरान रह गया था, विकेश। दवाओं का पुलन्दा जिसमें पीने वाली दवाई और दो-तीन किस्मों की गोलियां थी। दवाखाने से खरीद कर घर पहुंचा था। बहु ने पूरी ऐतियात बरतते हुऐ ब्रूनों की किसी इंसानी बच्चे की तरह समय से दवाईयां देते हुए देखभाल की थी। उस दौरान डाक्टर की बताई डाईट उसे दी जाती रही। यानि कि मांसाहारी खाना बिलकुल बन्द सिर्फ दाल  सब्जी के साथ ब्रूनों को गुजारा करना पड़ा था। डाक्टर ने सुबह शाम उसे पार्क में सैर कराने की नसीहत भी दी थी। बल्कि सैर तो हमेशा कराते रहने के लिए बोला था। विकेश हमेशा की दिनचर्या में ब्रूनो को सैर कराना तो नहीं शामिल कर सका अलबत्ता जब तक वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं होगया तब तक तो पास ही एक पार्क था वहाँ घुमाने ले जाता रहा। दरअसल ब्रूनों के साथ सबसे बड़ी समस्या यह थी कि वह बाहरी इंसानों,  को देख भौंकने लगता था। इससे उसे सैर कराने में काफी दिक्कतें पेश आती थीं।  यह सब देखते हुए ही बहु-बेटे ने यह तय किया था कि अब से कोई न कोई जरुर ब्रूनों के पास बना रहेगा। ज्यादातर बुढ्ढे-बुढिया ही घर पर रह जाया करते थे। जैसे कि आज। सुरभि पति की ओर उत्सुक निगाहों से देखे जा रही थी। बूढा उसे भूमिका बान्धते दिखा था। पति को भी जब यह  समझ नहीं आया कि वह किस तरह से अपनी बात पत्नी के सामने रखे जिससे कि उसके ऊपर उसकी बात का प्रभाव पड़ सके तो उसने सीधे सादे शब्दों में कहना शुरु किया, " देखो भई आज हमारी शादी की सालगिरह है। बच्चों को यह दिन अब याद नहीं रहता। ठीक है. . .  समय के साथ बदल जाना दुनिया की रीत है। मैं यही कहना चाहता हूं कि हमें मौका मिला है अपनी वैवाहिक वर्षगांठ मनाने का. . . तो हम क्यों छोडें इसे. . . हम भी इंज्वाये करते हैं उन लोगों की तरह. . . ।"
        "धत्त. . . .।" किसी अल्हड़ नवयौवना की तरह लजाते हुऐ सुरभि ने गर्दन झुका दी, " यह सब करते अब अच्छा नहीं लगता। वो भी बच्चों की एब्सेण्ट में. . . . फिर ब्रूनो को छोड़ कर कहीं जा नहीं सकते। इसी लिए तो बच्चे हम लोगों को कहीं लेकर नहीं जाते।" पत्नी फिर से मायूस होगई थी।
         " अरे यार. . . . ! तुम भी क्या. . . । मैं कहीं जाने के लिए नहीं कह रहा। यहीं. . . घर पर कैण्डल डिनर करते हैं बाहर से खाना मंगवा लेते हैं।"
       " नहीं . . . . ! बच्चे अगर आगये तो क्या सोचेंगे।" पत्नी ने घबराते हुए कहा।
       " हम लोग जल्दी निपटा देंगे. . ..उनके आने से पहले ।" सुभाष ने मनाने जैसे अंदाज में पत्नी से कहा था,  "वे लोग होटल मोटल कैनाल व्यू गये हैं शहर से बीस बाईस किलोमीटर दूर है।" सुभाष ने हसते हुए कहा।
         सुरभि  भुनभुनाई, " आप भी क्या ले कर बैठ गये। यह सब अब अच्छा नहीं लगता ।"
         " ओफ्फ हो. . . !  यह सब छोडो। मौका मिला है तो इसे हम क्यों हाथ से जाने दें. . . ।" क्षणांश तक रुकने के बाद फिर बोला, सुनो तुम तैयार हो जाओ।"
          पत्नी कुनमुनाई, " रहने भी दो।"
          ओह नो. . . . प्लीज।" पति का लहजा मनुहार भरा होगया था, " मैं तब तक खाना आर्डर करता हूं. . . यू गो हरीअप।"
            " इससे हम लोगों का भेद खुलने में जरा भी टाईम नहीं लगेगा बच्चों के सामने।"
            " अरे उन्हें दो-ढाई घण्टे से कम नहीं लगेगा लौटने में. . . बल्कि इससे ज्यादा ही वक्त लगेगा। तब तक हम लोग नार्मल पोजीशन में आ जायेंगे. . . . अरे यह तो सोचो जीवन भर का एक यादगार दिन बन के रह जाएगा। देर न करो. . . प्रिए प्राणेश्वरी।" अन्त तक आते आते सुभाष रोमेंटिक मूड में आगया था। ना चाहते हुए भी सुरभि को तैयार होने के लिए उठना पड़ा था। इस बीच सुभाष मीनू सोचने में लग गया था। लेकिन समय की पाबन्दी के बीच जैसे सब कुछ गड़बड़ा जाता है उसे कुछ सुझाई ही नहीं दे रहा था। हार कर उसने अपने मित्र से सलाह लेना ठीक समझा। मित्र भी पहले सकपका गया लेकिन जल्दी ही सामान्य होते हुए उत्साह में आकर खाने के बारे में बताने लगा, " ऐसा करो स्नैक्स में चीज़ सिगार, पनीर सीक कबाब या फिर हरियाली कबाब मंगा लो, खाने में सोया चाप, दम आलू कश्मीरी चलेगा साथ में फ्रूट रायता और पुलाव। मीठे में आईस क्रीम या केसर की खीर. . . . और रोटी में जो तुम्हारी इच्छा।"
         " क्या बात है यार तूने तो चुटकियों में हमारी प्राब्लम साल्व कर दी।" प्रसन्न मुद्रा में सुभाष ने कहा, " मैं जल्दी से आर्डर करता हूं. . . . । तुम दोनों भी आ जाओ।" सुभाष का इशारा उन दोनो यानि मिया-बीवी से था।
           " नही यार तुम लोग इंज्वाय करो। हम बाद में आकर पार्टी ले लेंगे। बाई द वे हैप्पी एनवर्सरी।"
           " ओ के थैंक्यू फिर मिलते हैं।" जोश से भरे हुए सुभाष ने मित्र का फोन विच्छेदित किया और होटेल वाले का नम्बर मिलाने लगा। जब तक उसने अपना आर्डर लिखवाया, सुरभि भी तैयार होकर आगई। पत्नी को अपने पास आया देख सुभाष  उससे नजरे न हटा सका, " कसम से आज तो पुरानी वाली सुरभि लग रही हो। एक बार बाहर निकल कर देखो जिसकी नजर पड़ेगी ठगा सा देखता ही रह जाऐगा।"
            " भला तैयार होने का नाटक क्यों।" पति की प्रशंसा के प्रतिक्रिया स्वरुप कुछ कहने के बजाऐ, घड़ी की सूईयों की तरफ देखते हुए सवालिया निगाहों से पत्नी ने पूछा।
             " फोटो सैशन भी तो करना है. . . . तभी तो यादगार लम्हे बनेंगे।" झूमते हुऐ सुभाष बोला।
         .   " ऐसा करता हूं मैं भी थोडा चेन्ज करके आता हूं।"
          " टाईम तेजी से खिसक रहा है।" पत्नी कुछ चिन्तित दिखी। उसे यही डर सता रहा था कहीं बच्चे आगये तो उनके सामने अच्छी खासी फजीहत हो जाएगी। अगर पहले से बता दिया होता तो बात दीगर थी। यह तो सीधे-सीधे चोरी वाली बात होगई, ' क्या सोचेंगे! मीनाक्षी ने कुछ कह दिया तो।' सोच कर ही रह गई वह। खाना आने में अभी आधा घण्टा बाकी था। बैठे-बैठे वह बच्चों के लौट कर आने का हिसाब बनाने लग गई। मोटल कैनाल व्यू तक पहुंचते-पहुंचते आधा घण्टा कम से कम।  भीड़-भाड़, ट्रैफिक जाम,  रेड लाईट यह सब देखते हुऐ दस-पन्द्रह मिनट और लगा लो। फिर वापसी में इतना समय। होटेल एक- सवा घण्टा। हद से हद ढाई घण्टे। जिसमे एक घण्टा निकल गया। बाकी बचे डेढ़ घण्टे में। हो जाना चाहिए। सोचते हुऐ अपने आपको आश्वस्त करने लगी सुरभि।
          " पता नहीं यह क्या पागलपना करने लगे।" एक अंजाने से भय का असर वह अपने चेहरे से नहीं हटा पा रही थी। विकेश भले कुछ न कहे लेकिन बहु तो मुँह फट है। न जाने क्या कुछ सुना दे। फिर विकेश भी उसकी हां में हां मिलाएगा।
           " क्या सोचने लगी. . . . ।" पास आते सुभाष बोला। अपने में खोई उसे पति के नजदीक आने का आभास ही नहीं हो पाया था। संयत होने में एक आध क्षण तो लग गये होंगे उसे। पर सुभाष की बात का जवाब नहीं दिया। बस उसकी ओर देखा वह घड़ी को देख रहा था। होटेल  वाले ने खाना पहुंचाने का जो वक्त दिया था उससे दस मिनट अधिक हो गये थे। अब सुभाष के चेहरे में भी बेचैनी करवटें लेने लगी थी, " बना बनाया खेल बिगाड़ देगा डिलिवरी ब्वाये।" अपने आपसे उसने कहा। सुरभि चुप्पी का आवरण ओढ़े बैठी थी अडोल। सुभाष व्यग्रता से चहल कदमी करने लगा था। इसी बीच घण्टी बजी तो मियां-बीवी की जान ठिकाने पर आई।
          " अरे इतनी देर कर दी. . . . ।"  रोष भरे लहजे में सुभाष ने कहा। लड़का अपनी सफाई देने लगा। लेकिन सुभाष जैसे अपने में मग्न था, " कैण्डिल लाए।"
         " जी सर. . . ।"
          सारा सामान सुभाष ने लड़के से लेकर मेज पर रख दिया। आनन-फानन में सुरभि रसोई से डोंगे और प्लेटें उठा लाई। इस काम में सुभाष ने भी उसका साथ दिया।
           कुछ ही देर में डायनिंग टेबल विभिन्न भोज्य पदार्थों से सज गई थी। बीचोबीच रंगीन विशेष आकृति में ढली मोमबत्ती और उसके अगल-बगल, ड्राईंग रुम से उठा कर लाए गये फूलदान में पड़े बनावटी फूलों के गुलदस्ते  अलग ही छटा बिखेर रहे थे।
             इतना ही नहीं माहौल को रुमानी करने के लिए सुभाष ने एक बल्ब छोड़ कमरे की समस्त बत्तियां बुझा दीं थी। मेज के इर्द-गिर्द मोमबत्ती की मध्दम पीली रोशनी में सबसे पहले सुभाष ने मोबाईल कैमरे से पत्नी संग सेल्फी ली। एक नहीं कई दफे। पास से, दूर से। फिर बड़ी अदा से सुरभि का हाथ थाम रुमानी अंदाज में कहा, " बेशक हमारे बच्चों को आज का दिन नहीं याद है। लेकिन मेरे लिए यह बहुत ही स्पेशल है। दिल करता है आज फिर तुम्हारे साथ फेरे ले लूं।" कुछ देर रुका जैसे सुरभि के चेहरे पर आये भावों को पढ़ रहा हो। वह नजरें नीचे किए मन्द मन्द मुस्कुराए जा रही थी, " न जाने क्यों मुझे आज से तीस बरस पहले के शादी के दिन की याद आ रही है।" सुभाष ने कहना शुरु किया, " मैं उस दिन और उसके बाद के तमाम दिनों को आत्मसात् करना चाहता हूं। मैं चाहता हूं कहीं दूर बहुत दूर तुम्हे लेकर निकल जाऊं जहां यह गगन और धरती मिलते हैं और फिर से एक नई जिन्दगी की शुरुआत करुं।"
             " अरे शायर साहब अपनी शायरी बन्द करिए। खाना शुरु कीजिए।"
             " काश मैं शायर ही होता तो कम से कम तुम्हारे हुस्न पर कसीदे तो गढ़ लेता।" फिर बुलन्द ठहाका हवा में छोडा।
वह इन पलों में घुटी हुई जिन्दगी से बाहर निकल कर बेलौस और बिन्दास भरी एक नई जिन्दगी की शुरुआत करना  चाहता था। जहाँ कोई रोक-टोक न हो। कोई उनके क्रियाकलापों पर आक्षेप करने वाला नो हो और जो उनके वजूद की मौजूदगी को महसूस करे। कम से कम जीवन की इस सांझ बेला में उन्हें अनदेखा न कर सके।
         अपनी रौं  में सुभाष ने डोंगे से चम्मच भर खीर लेकर सुरभि की ओर बढाई,  " कोई अच्छा काम करने से पहले  मुँह मीठा करना चाहिऐ।" बस इतना ही कह पाया कि उसका हाथ कांप गया और चम्मच तक पहुंचने के लिए अपने आपको आगे की ओर झुका रही सुरभि भी जहाँ की तहां काठ हो कर रह गई। बाहर गाडी के हार्न के बजने की आवाज आ रही थी।
सुभाष ने खीर का चम्मच रख कुर्सी से उठते हुऐ खिड़की के बाहर झांक कर देखा। गाडी से विकेश को उतरते देख वह किसी बच्चे की तरह सहम गया, "अब. . . . ! " अपने आपसे इतना ही कह सका। भीतर कहीं उथल-पुथल सी महसूस की उसने और खिड़की से हट कर व्यंजनों से सजी मेज के पास खड़ी घबराई हुई सी पत्नी की ओर देखा। अब कुछ नही हो सकता था। चोरी करके  पकड़े जाने के भय से मलिन चेहरा लिए उसने दरवाजा खोल दिया। हंसते-बोलते, चहकते हुए सभी अन्दर दाखिल हुऐ। मुख्य कक्ष अन्धेरे मे डूबा देख विकेश कुछ बोलने ही जा रहा था कि सहसा उसकी नजरें अन्दर डाईनिंग टेबल पर चली गईं। बहु ने भी यह सब देखा तो हैरान होकर बोल पड़ी,
" यह क्या मम्मी जी. . . . ! "
         अचानक विकेश चीख उठा,
" ओह इट्स योर. . .  मैरिज एनावर्सरी पापा. . . सो सॉरी. . .।" दुख तो उसे हुआ कि अपने मम्मी -पापा की शादी की सालगिरह भुलाकर सुरभि का जन्मदिन मनाने बाहर चला गया। एक बार फिर उनसे माफी मांगते हुए बिन्दास बोला, " हैप्पी मैरिज एनावर्सरी लेट्स  इन्जॉय।" और हर्षित होते हुए ताली बजाने लगा।

                     हरभजन सिंह मेहरोत्रा
                     390/3, शास्त्री नगर,
                     कानपुर- 208005
                     मो. 9839101647
        harbhajankp@yahoo.com


Comments

Popular posts from this blog

तमाशा